Home ट्रेंडिंग तीन दिवसीय यूपीटीईटी-2026 के दूसरे दिन की परीक्षा भी एआई निगरानी में...

तीन दिवसीय यूपीटीईटी-2026 के दूसरे दिन की परीक्षा भी एआई निगरानी में शुचितापूर्वक संपन्न

19
0
Jeevan Ayurveda

तीन दिवसीय यूपीटीईटी-2026 के दूसरे दिन की परीक्षा भी एआई निगरानी में शुचितापूर्वक संपन्न

03 जुलाई को दो पालियों में 955 केंद्रों पर 7.51 लाख अभ्यर्थी शामिल, 11 फर्जी परीक्षार्थी व 01 मोबाइल के साथ अभ्यर्थी पकड़ा गया

Ad

04 जुलाई को अंतिम पाली की होगी परीक्षा, कुल 05 पालियों में 60 जनपदों में संपन्न हो रही परीक्षा

लखनऊ
 शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से 12:00 बजे तक उच्च प्राथमिक स्तर तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 02:30 बजे से 05:00 बजे तक प्राथमिक स्तर की परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों के 955 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि  परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से उनकी, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की उपस्थिति में सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई। केंद्रों पर लगे ए.आई. कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत दृष्टि रखी गई व यथाआवश्यक निर्देश भी दिए गए। प्रथम पाली में एआई आधारित सॉफ्टवेयर की मदद से संदिग्धों की जाँच के पश्चात प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 09 फर्जी परीक्षार्थी, जो दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे, तथा 01 अभ्यर्थी जो अपने जूते में मोबाइल छिपाकर परीक्षा कक्ष में उपस्थित हुआ था, पकड़ा गया। द्वितीय पाली में विभिन्न जनपदों में 02 फर्जी परीक्षार्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। इन सभी के विरुद्ध अग्रेतर विधिक कार्रवाई हेतु उन्हें स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारु रूप से पारदर्शी, नकल विहीन, शुचितापूर्ण, निर्विघ्न एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।

आयोग अध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 8,07,709 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 7,51,321 यानी 93.01% अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। इनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 92.70% तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 93.36% रही। परीक्षा के सफल संचालन में संबंधित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।

डॉ. प्रशांत कुमार ने जानकारी दी कि उ.प्र. शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की विज्ञापन संख्या 01/2026 शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा 02 व 03 जुलाई 2026 को दो-दो पाली तथा  04 जुलाई 2026 को एक पाली, इस प्रकार कुल 05 पालियों में प्रदेश के 60 जनपदों में 955 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हो रही है।  इसी क्रम में  04 जुलाई को अंतिम पाली की परीक्षा भी इसी प्रकार एआई निगरानी, शुचिता व सुरक्षा के उच्च मानकों के साथ संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं को ही प्रामाणिक मानें।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here