Home ट्रेंडिंग RJD के नए प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे मंगनी लाल मंडल, चुनाव से पहले...

RJD के नए प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे मंगनी लाल मंडल, चुनाव से पहले जातिगत समीकरण साधने की तैयारी

138
0
Jeevan Ayurveda

पटना
 बिहार में इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले आरजेडी ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष को बदलने का निर्णय किया है। जगदानंद सिंह की जगह अब मंगनी लाल मंडल नए प्रदेश अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। मंगनी लाल मंडल अति पिछड़ी जाति से आते हैं। जगदानंद सिंह सवर्ण जाति से हैं।

आरजेडी ने यह फैसला चुनाव से ठीक पहले जातीय समीकरण को साधने के लिए किया है। मंगनी लाल मंडल शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे। चुनाव 19 जून को होगा और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।

Ad

जगदानंद सिंह काफी समय से पार्टी की गतिविधियों से दूर

जगदानंद सिंह काफी समय से पार्टी की गतिविधियों से दूर थे। इसलिए उन्हें आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। वो राजपूत समाज से हैं और आरजेडी का बड़ा सवर्ण चेहरा माने जाते हैं। लेकिन, पिछले कुछ महीनों से उन्होंने पार्टी के कामों में भाग लेना कम कर दिया था। वे आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी नहीं आए थे। इसके अलावा, कई महीनों से वे पार्टी कार्यालय भी नहीं गए थे।

जातिगत समीकरण साधने की कोशिश

मंगनी लाल मंडल आरजेडी के पुराने और वफादार नेताओं में गिने जाते हैं और अतिपिछड़ा समाज से आते हैं. लालू यादव ने उन्हें आगामी चुनाव में राजनीति समीकरण देखते हुए ही ये अहम पद देने का मन बनाया है. माना जा रहा है कि पार्टी इस नियुक्ति के जरिए अतिपिछड़े वर्ग को अपने साथ मजबूती से जोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है.

बता दें कि आरजेडी मंगनी लाल मंडल की नियुक्ति ऐसे समय में कर रही है जब बिहार में लोकसभा चुनावों के नतीजों के बाद राजद के भीतर आत्ममंथन का दौर चल रहा है. संगठन में नए उत्साह और ऊर्जा लाने के लिए पार्टी को मजबूत और सामाजिक रूप से संतुलित नेतृत्व की जरूरत है. बताया जा रहा है कि यही वजह है कि लालू यादव और तेजस्वी यादव दोनों मंगनी लाल मंडल के नाम पर सहमत हैं.

मंगनी लाल 1986 से 2004 तक विधान परिषद के रहे सदस्य

मंगनी लाल मंडल अति पिछड़ों के बड़े नेता माने जाते हैं। उनकी उम्र लगभग 76 साल है। वे 1986 से 2004 तक बिहार विधान परिषद के सदस्य रहे. इस दौरान वे राज्य सरकार में मंत्री भी थे। वो सांसद भी रह चुके हैं। बिहार में अति पिछड़ा वर्ग की आबादी लगभग 36 प्रतिशत है। मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर आरजेडी चुनावी साल में जाति के समीकरण को ठीक करने की कोशिश कर रही है। इससे अत्यंत पिछड़ा वर्ग को साधने में मदद मिलेगी।

कुछ समय पहले मंगनी लाल मंडल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू में चले गए थे। लेकिन, इसी साल वे वापस आरजेडी में लौट आए। अब उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आरजेडी चुनावी वर्ष में जातीय समीकरण को साधने की कोशिश कर रही है। मंगनी लाल मंडल का नाम सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि लालू यादव और तेजस्वी यादव ने नए समीकरणों के हिसाब से नए अध्यक्ष का नाम तय किया है।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here