Home ट्रेंडिंग रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के लिए बांका में जमीन अधिग्रहण शुरू, 58 गांवों की...

रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के लिए बांका में जमीन अधिग्रहण शुरू, 58 गांवों की भूमि होगी शामिल

53
0
Jeevan Ayurveda

बांका
 रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए जिले में भूमि अधिग्रहण शुरू हो गया है। करीब 600 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का लगभग 75 किलोमीटर हिस्सा जिले से होकर गुजरेगा। इसके लिए जिले के पांच प्रखंडों के 58 राजस्व ग्रामों की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।

पहले चरण में शंभूगंज, अमरपुर और बांका प्रखंडों के 29 राजस्व ग्रामों से संबंधित थ्री-ए अधिसूचना की रिपोर्ट भू-अर्जन कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है। इसके आधार पर संबंधित भूखंडों का सत्यापन और जांच शुरू कर दी गई है।

Ad

वहीं, फुल्लीडुमर और कटोरिया प्रखंडों के शेष 29 राजस्व ग्रामों की थ्री-ए रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है। रिपोर्ट प्राप्त होते ही वहां भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

भू-अर्जन कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, थ्री-ए की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित गांवों में जमीन का सत्यापन, रकबा, खाता-खेसरा और स्वामित्व से जुड़े अभिलेखों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद अधिग्रहण की अगली प्रक्रिया शुरू होगी।

इसके तहत आपत्तियों का निष्पादन, मुआवजा निर्धारण और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। प्रशासन का प्रयास है कि सभी राजस्व ग्रामों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी कर ली जाए, ताकि परियोजना के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो।

प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे बांका जिले में शंभूगंज प्रखंड से प्रवेश करेगा। इसके बाद यह फुल्लीडुमर, अमरपुर और बांका प्रखंडों से गुजरते हुए कटोरिया के रास्ते देवघर के समीप झारखंड की सीमा में प्रवेश करेगा। इस मार्ग के निर्माण से बांका सहित आसपास के जिलों की सड़क संपर्क व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा।

लंबी दूरी का आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान और तेज होगा। इसके अलावा, परिवहन की लागत और समय में भी कमी आएगी, जिससे व्यापार, उद्योग और कृषि क्षेत्र को लाभ मिलने की संभावना है। स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सबसे बड़ा हिस्सा बिहार से गुजरेगा
करीब 600 किलोमीटर लंबा रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में शामिल है। इस परियोजना का सबसे बड़ा हिस्सा बिहार में प्रस्तावित है।

बिहार में इसकी लंबाई लगभग 406 किलोमीटर होगी, जबकि झारखंड में करीब 90 किलोमीटर और पश्चिम बंगाल में लगभग 90 से 100 किलोमीटर तक इसका निर्माण किया जाएगा। अकेले बांका जिले में इसका करीब 75 किलोमीटर लंबा हिस्सा प्रस्तावित है।

रक्सौल-हल्दिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए जिले के पांच प्रखंडों के 58 राजस्व ग्रामों की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। पहले चरण में शंभूगंज, अमरपुर और बांका प्रखंडों के 29 राजस्व ग्रामों से संबंधित थ्री-ए अधिसूचना की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। – पंकज कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here